इतिहास में ऐसे कई लोग हुए हैं जिन्होंने राजनीति और सेवा को साथ -साथ चलाया है : मनोहर लाल - Discovery Times

Breaking

इतिहास में ऐसे कई लोग हुए हैं जिन्होंने राजनीति और सेवा को साथ -साथ चलाया है : मनोहर लाल

 

रोहतक, 16 जुलाई : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पद्मश्री से सम्मानित सेठ किशन दास ने अपने जीवन में समाज सेवा के लिए जो कार्य किया, वे अन्य राजनेताओं के लिए भी प्रेरणादायी है। सेठ श्री किशन दास जी ने गरीबों व जरूरतमंदों की भलाई करके यह दिखाया है कि समाज सेवा भी राजनीति का हिस्सा हो सकती है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज रोहतक में पद्मश्री से सम्मानित सेठ किशन दास की प्रतिमा का अनावरण करने उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मनोहर लाल ने कहा कि आज रोहतक का इतिहास नजरों के सामने से घूम गया है। रोहतक के ऐसे नेता जिनको बच्चा-बच्चा जानता है, उनकी प्रतिमा का अनावरण करने का अवसर मिला है। बहुत लोग राजनीति और समाज सेवा को अलग-अलग देखते हैं। सेवा करनी है तो फिर राजनीति में क्यों रहना है, और राजनीति करनी है तो सेवा का क्या मतलब। लेकिन इतिहास में ऐसे कई लोग हुए हैं जिन्होंने राजनीति और सेवा को साथ -साथ चलाया है। ऐसे ही व्यक्तित्व सेठ श्री किशनदास जी थे।
 
सेठ श्री किशनदास जी की प्रतिमा स्थापित करने की मांग कांग्रेस के समय रखी गई थी, जिसे कांग्रेस ने पूरा नहीं किया :-
 
                मनोहर लाल ने कहा कि सेठ श्री किशनदास जी ने अपना राजनीतिक सफर वर्ष 1961 से रोहतक की धरती से शुरू किया था। उनके देहांत के बाद उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग आज नहीं बल्कि कांग्रेस के समय वर्ष 2010 में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समक्ष रखी गई थी। लेकिन उन्होंने 4 सालों में यह काम नहीं किया, जोकि बड़ी आसानी से कर सकते थे। उसके बाद जब हमारे पास यह विषय आया तब हमने कहा कि नगर निगम से प्रस्ताव पारित करवाकर प्रतिमा स्थापित की जाए और आज प्रतिमा का अनावरण करने का यह अवसर मिला है।
 
कांग्रेस आज भी परिवारवाद में से बाहर नहीं निकल पाई 
 
                मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2014 में सत्ता संभालते ही हमने हरियाणा एक-हरियाणवी एक का नारा दिया था। मतलब हम आपस में मतभिन्नता न रखें कि कौन किस जाति का है। क्योंकि जातियों के आधार पर लीडर दलों में शामिल होकर जातियों के आधार पर वोट मांगते हैं। ये विचारधारा हमें कांग्रेस ने दी है। सेठ जी के समय में भी यह विचारधारा थी, लेकिन सेठ जी का गुण सबको साथ लेकर चलने का था, सेवा का था। कांग्रेस की तो वही कहानी उस समय भी थी और आज भी है। आज भी कांग्रेस परिवारवाद में से बाहर नहीं निकली है।

                मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सबका सम्मान करते हैं, जो हमारे साथ मिलकर चलता है, बस शर्त एक ही है कि देश पहले, मैं बाद में। इस भूमिका के साथ आएंगे तो हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर सकता है। चाहे नेता हो, सामान्य लोग हों सबके लिए हमारी दिशा एक ही है कि देश पहले, प्रदेश पहले, मैं और मेरा परिवार उसके बाद। निश्चित रूप से आज देश में जो वातावरण बन रहा है, उसकी 2024 में पुनरावृत्ति होगी, चाहे देश की बात हो या हरियाणा की, 2024 में रोहतक में कमल को खिलाने का संकल्प लेना है।
 
समाज के पिछड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाकर ही सुखी समाज की कल्पना की जा सकती है 
 
                मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय दर्शन दिया। उन्होंने कहा था समाज का जो पिछड़ा व्यक्ति है, जो किसी कारण से पिछड़ गया है, ऐसे गरीब परिवार की यदि हम चिंता नहीं करेंगे, उसे अपने बराबर लाने की कोशिश नहीं करेंगे, तो सुखी समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े अंतिम व्यक्ति के उत्थान को लेकर हरियाणा सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
 
18 जुलाई को रोहतक को 77 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की मिलेगी सौगात
 
                मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 18 जुलाई को प्रदेशवासियों को विकास कार्यों का तोहफा दिया जाएगा। इनमें रोहतक की भी 16 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं पर लगभग 77 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन कार्यों में रोहतक की सीवरेज व्यवस्था, 10 करोड़ रुपये की लागत से पंपिंग स्टेशन इत्यादि की व्यवस्था ठीक करने के कार्यों का शिलान्यास होगा। मेडिकल कॉलेज में किडनी स्टोन के ईलाज के लिए 4 करोड़ रुपये की लागत की नई इएसडब्ल्यूएल मशीन लगाई गई है, उसका भी उद़्घाटन किया जाएगा। 3 करोड़ रुपये की लागत से 33केवी सब स्टेशन, सवा 3 करोड़ रुपये की लागत से वुमन-चाईल्ड वन स्टॉप सेंटर की बिल्डिंग का भी शिलान्यास किया जाएगा।
 
गरीबों के मसीहा थे पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास गोयल : जेपी दलाल
 
                हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास गोयल वास्तव में गरीबों के मसीहा थे। उन्होंने जीवन पर्यंत जनहित के कार्य किये। उन्होंने 1996 से 1999 तक प्रदेश केबिनेट में मंत्री रहते हुए मुख्यमंत्री के विश्वास पात्र बने रहे। उन्होंने जनसेवा के संस्कार रोहतक के मेयर मनमोहन गोयल में भरे, जो आज उन्हें आगे बढ़ा रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश में गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है तथा लाइन लॉस को भी काफी कम किया गया है। गांवो में 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने का दावा इससे पहले भी सरकारों द्वारा किया गया, लेकिन वर्तमान सरकार द्वारा इस दावे को हकीकत में बदला जा रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा गरीबों के कल्याण केे लिए नीतियां बनाई है। प्रदेश में पहली बार पारदर्शी तरीके से पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ मिल रहा है तथा युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सम्पूर्ण प्रदेश को एक सम्मान दृष्टि से देखते है तथा प्रदेश के हर क्षेत्र में सम्मान विकास कार्य करवा रहे है। मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश आदर्श राज्य बनने की ओर अग्रसर है।
 
प्रदेश में अंत्योदय की दिशा में किया गया महत्वपूर्ण कार्य : डॉ. अरविंद शर्मा
 
                सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सेवा ही संगठन तथा सबका साथ- सबका विकास के मूल मंत्र पर चलते हुए प्रदेश में अंत्योदय की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है। सरकार द्वारा अल्प समय में फसलों को हुए नुकसान का प्रभावित किसानों को मुआवजा प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन एतिहासिक है क्योंकि मुख्यमंत्री द्वारा पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास गोयल की प्रतिमा का इस चौक पर अनावरण किया गया है। यहां से गुजरने वाला हर नागरिक उन्हें नमन करेगा। रोहतक के मेयर ने इस चौहराहे का सौन्दर्यकरण किया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ अभियान के तहत रोहतक शहर को जनता के साथ मिलकर स्वच्छ बनायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा किसान, दलित, खेतीहर मजदूर, व्यापारी आदि सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मैट्रो का भी विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा बजट पेश करते हुए मैट्रो को बहादुरगढ़ से आसौदा तक लाने की घोषणा की है। इसी तरह मैट्रो आसौदा से सांपला तथा सांपला से इसके बाद रोहतक तक पहुंचेगी। सरकार द्वारा रैपिड मैट्रो पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने लोकसभा चुनाव में रोहतक सीट से जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, कार्यकर्ता तथा 36 बिरादरी की जीत बताया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सडक़ सुविधाओं को लगातार बढ़ाया जा रहा है, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग 152डी के निर्माण से रोहतक से चंडीगढ़ का सफर लगभग अढ़ाई घंटे में हो सकता है, जिसमें पहले लगभग 5 घंटे का सफर लगता था।
 
भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं को दिया जाता है पूरा-सम्मान: मनीष ग्रोवर
 
                पूर्व मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास गोयल की प्रतिमा के लिए जगह उपलब्ध नहीं करवाई। भारतीय जनता पार्टी ने मनमोहन गोयल को पार्टी में शामिल होते ही रोहतक का मेयर बनाया। भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाता है तथा पार्टी संगठन दूसरे दलों से भाजपा में आने वाले नेताओं को गले लगाकर साथ कार्य करता है।
 
पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास गोयल को मिला जनता का स्नेह : मनमोहन गोयल
 
                मेयर एवं कार्यक्रम के आयोजक मनमोहन गोयल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा अन्य अतिथिगण का स्वागत करते हुए कहा कि पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास गोयल को हमेशा जनता का पूरा स्नेह मिला। उन्होंने समाज सेवा करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रतिमा लगाने के लिए स्थान उपलब्ध करवाया तथा आज अपने करकमलों से प्रतिमा का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास गोयल की जीवनी पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन किया। मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश को लगातार उन्नति के पथ पर आगे बढ़ा रहे है तथा मनोहर लाल समाज सेवा में लगे हुए है। मेयर मनमोहन गोयल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा अन्य अतिथिगण को पगड़ी, शॉल व स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कालीदास महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल के दौरान विश्व में देश का गौरव बढ़ा है। देश में संत महात्माओं को पूरा मान-सम्मान मिल रहा है तथा सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू की गई है।

                इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यू, मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर राजकुमार कपूर, मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन, पूर्व विधायक नरेश कौशिक, महामंडलेश्वर बाबा कपिल पुरी, बाबा परमानंद महाराज, विश्वेश्वरानंद, सूखा सिंह, कालीदास, पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य, उपायुक्त अजय कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. हिमांशु गर्ग, अतिरिक्त उपायुक्त महेश कुमार, भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शमशेर खरकड़ा व अजय बंसल, जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणबीर ढाका, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डï, प्रदेश सचिव रेनू डाबला, मेयर मनमोहन गोयल की धर्मपत्नी निर्मला गोयल, लोकसभा सांसद की धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा, सुरेंद्र गोयल, राजेश जैन, राकेश गोयल, राजकुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।


SUBSCRIBE !

Welcome to Discovery Times!Chat with us on WhatsApp
"Please tell us how can we help you today?”” "Discovery Times channel, copy link open at WhatsApp: " https://whatsapp.com/channel/0029VaBIde7LCoX3IgmC5e2m ” " Subscribe link to our newspaper: " https://www.discoverytimes.in/p/subscription-newspaper-portal.html ” ...
Click me to start the chat...