अम्बाला/चंडीगढ़, 09 जुलाई। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में आज शाम अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों, नगर परिषद प्रधान, उपप्रधान व पार्षदों की संयुक्त बैठक हुई।
बैठक में सर्वप्रथम कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी से जिला भाजपा कार्यकारिणी में नवनियुक्त उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता डिंपल के अलावा मंत्री नरेश शर्मा व मंत्री आरती सहगल को शुभकामनाएं दी।
बैठक में मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी में सभी वार्डों में नालों में सफाई, स्ट्रीट लाइट, पानी व अन्य व्यवस्था पर नजर रखने के लिए प्रत्येक वार्ड में एक पार्षद के साथ तीन-तीन वार्ड के लोगों की कमेटी गठित करने के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा यह कमेटी वार्ड अनुसार अपने इलाको की सफाई , बिजली आदि समस्याओं का मुआयना कर उनका समाधान करेगी।
इसी प्रकार मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी की 11 सदस्यीय निगरानी समिति का भी गठन किया है जोकि अम्बाला छावनी विधान सभा में चल रहे विकास एवं अन्य कार्यों की निगरानी व निरीक्षण करेगी। समिति में सोम चोपड़ा, ओम सहगल, राजीव गुप्ता डिंपल, विजेंद्र चौहान, किरणपाल चौहान, सुरिंदर बिंद्रा, आरती सहगल, बलित नागपाल, तरविंदर सिंह, संजीव सोनी, आशीष अग्रवाल को इस निगरानी समिति का सदस्य नियुक्त किया गया।
बैठक में अम्बाला छावनी में विकास कार्यों एवं अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, मंडल प्रधान रवि बुद्धिराजा, हर्ष बिंद्रा, प्रवेश शर्मा, विकास बहल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पार्षद मौजूद रहे।
#अम्बाला #अनिल विज # डिस्कवरी टाइम्स #Discovery Times